Thursday, 22 October 2026Thu, 22 Oct 2026
खबरें

किन्नौर के नाको में आईस स्केटिंग का रोमांच

12 हज़ार फीट की ऊंचाई पर बना नया इतिहास

किन्नौर। जिला किन्नौर की नाको झील पर एक नया विश्व रिकॉर्ड बन गया है। 12 हजार फीट की ऊंचाई पर मौजूद अंतरराष्ट्रीय मापदंडों वाली इस प्राकृतिक झील पर आज से राष्ट्रीय स्तर की आइस स्केटिंग प्रतियोगिता का आगाज हो गया है। देश के 15 राज्यों से 70 खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए यहां पहुंचे हैं। ऐसे में शून्य से नीचे तापमान में खिलाड़ी यहां पर आईस स्केटिंग का आनंद ले रहे हैं।

नाको झील 12 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित है और इस प्राकृतिक झील पर विश्व के सबसे ऊंचे और लंबे आइस स्केटिंग ट्रैक पर ये प्रतियोगिता हो रही है। ऐसे में पहली बार हो रही इस प्रतियोगिता के चलते नाको झील पर विश्व के सबसे ऊंचे और लंबे आइस स्केटिंग ट्रैक का रिकॉर्ड बना है।

इस चैंपियनशिप का आयोजन आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के द्वारा हिमाचल आइस स्केटिंग एसोसिएशन और पुर्ग्युल आइस स्केटिंग एसोसिएशन नाको के संयुक्त तत्वाधान में किया जा रहा है। इस सयम नाको में तापमान माइनस 18 डिग्री सेल्सियस के आस-पास है। ऐसे में हड्डियां जमा देने वाली ठंड में आइस स्केटर्स अपनी प्रतिभा का हुनर दिखा रहे हैं।