पीसीसी चीफ कुलदीप सिंह राठाैर ने पढ़ाया एकजुटता का पाठ

शिमला: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्य तिथि पर हिमाचल युवा कांग्रेस ने युवा क्रांति ट्रेनिंग कैंप का आगाज़ किया, जाे आगामी तीन दिनों तक चलेगा। इस अवसर पर पीसीसी चीफ कुलदीप सिंह राठौर ने युवा कांग्रेस का आह्वान किया है कि वह देश की एकता और अंखडता के लिए एकजुट होकर आगे आए। उन्होंने कहा कि आज देश के लोकतंत्र को बचाने की एक बड़ी लड़ाई लड़नी है और देश की धर्मनिरपेक्षता और अस्मिता को बचाना है।

राजीव भवन में आयोजित युवा कांग्रेस के तीन दिवसीय ट्रेनिंग कैम्प का शुभारंभ करते हुए राठौर ने कहा कि बापू की पुण्य तिथि पर आज शुरू हुए इस युवा क्रांति के आयोजन को अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमें बापू के दिखाए रास्ते पर चलते हुए देश की अबसरवादी ताकतों से एकजुट होकर लड़ना है और देश को इनसे बचाना है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस के कंधों पर बहुत बड़ी जिम्मेदारी है,जिसे उन्हें पूरा करना है। राठौर ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर लड़ रही है।उन्होंने कहा कि देश प्रदेश को भाजपा के कुशासन से मुक्त करवाने के लिए सभी को एकजुट होना होगा।

राठौर ने कहा कि कांग्रेस एक विचारधारा है जिसे मजबूती के साथ आगे बढ़ना है। उन्होंने युवा कांग्रेस को किसी भी गुटबाजी के प्रति सचेत करते हुए कहा कि आज उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी के हाथों को मजबूत करना है जो देश के लोगों के अधिकारों की एक बड़ी लड़ाई लड़ रहे है। उन्होंने कहा कि देश का लोकतंत्र खतरे में है और इसे हमें बचना है।

निगम भंडारी बाेले, अब मिशन 2022 की तैयारी

युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नेगी निगम भंडारी ने कहा कि अब युवा कांग्रेस का टारगेट मिशन 2022 हाेगा। आने वाले दिनों में सभी फ्रंटल आर्गेनाईजेशन काे एकजुट हाेकर आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस काे सत्ता में आना हाेगा। उन्हाेंने इस ट्रेनिंग कार्यक्रम को बहुत ही उपयोगी बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से पार्टी कार्यकर्ताओं के ज्ञान में तो बृद्धि होती ही है साथ मे आपसी मेल जोल भी बढ़ता है। उन्होंने इस आयोजन की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें अधिक से अधिक ज्ञान वर्धन करना चाहिए।